दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) होटल में हुई भीषण आग की घटना की जांच के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल में कार्यरत कुक को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 65 वर्षीय केशव नेगी (Keshav Negi) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली के दिलशाद गार्डन क्षेत्र में रह रहा था। वह हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट’ में बतौर कुक कार्यरत था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में कुक की कथित लापरवाही को आग लगने के संभावित कारणों में शामिल किया गया है। पुलिस का दावा है कि घटना के दौरान हुई कुछ चूकें आग को तेजी से फैलने का कारण बन सकती हैं। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच अभी जारी है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान जांचकर्ता उससे घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेंगे और आग लगने से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाएंगे।

उत्तराखंड में केशव नेगी के समर्थन में आवाजें उठ रही हैं। मामले को लेकर रविवार को पुष्कर सिंह धामी और रेखा गुप्ता  के बीच बातचीत भी हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केशव नेगी से जुड़े मामले की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर की जानी चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड के प्रवासी कामगारों और उनके परिवारों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। धामी ने कहा कि उनकी बातचीत का मुख्य उद्देश्य दिल्ली और अन्य राज्यों में कार्यरत उत्तराखंड के प्रवासी समुदाय के हितों और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से मामले की पड़ताल करेंगी और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की गहन जांच की जाएगी।

केशव नेगी पर क्या आरोप?

पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय केशव नेगी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं और वर्तमान में दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रहते हैं। वह हौज रानी स्थित बीएंडबी में बतौर कुक कार्यरत थे। पुलिस ने बताया कि लगभग छह घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान केशव नेगी ने दावा किया कि किचन में इलेक्ट्रिक स्टोव चालू करने के कुछ ही देर बाद आग लग गई थी। उनके अनुसार, किसी इलेक्ट्रिक उपकरण में तकनीकी खराबी आने के कारण आग भड़की। नेगी का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। हालांकि पुलिस का आरोप है कि आग लगने के बाद पैदा हुए घने धुएं और अफरा-तफरी के बीच नेगी ने बीएंडबी की मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी और वहां से निकल गए। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घटना के दौरान उनकी भूमिका क्या थी और क्या उनकी किसी कार्रवाई या लापरवाही से हालात और गंभीर हुए।

केशव ने बताया कि घटना के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसका सीधा असर इमारत के सुरक्षा तंत्र पर पड़ा। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, बिजली कटने के कारण इलेक्ट्रॉनिक एग्जिट सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरण काम करना बंद कर गए। इसके चलते आग और धुएं के तेजी से फैलने के दौरान लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इलेक्ट्रॉनिक निकास व्यवस्था निष्क्रिय होने से कई प्रमुख बाहर निकलने के रास्ते प्रभावी रूप से बंद हो गए थे, जिससे इमारत में फंसे लोगों के लिए बचाव के विकल्प सीमित हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में रसोई से जुड़ी लापरवाही के संकेत मिले हैं, जिसे हादसे की एक संभावित वजह माना जा रहा है।

कोर्ट में आज होगी पेशी

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में गिरफ्तार रसोइया केशव नेगी को आज पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा। दो दिन की पुलिस हिरासत के दौरान जांच एजेंसियों ने उससे घटना के संबंध में पूछताछ की है। पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। गौरतलब है कि शनिवार को साकेत कोर्ट ने केशव नेगी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि उसकी कथित लापरवाही के कारण आग लगी, जिसने बाद में भयावह रूप ले लिया। जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों, सुरक्षा व्यवस्थाओं में संभावित चूक और घटना के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m