दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के मामले की जांच के बीच होटल मालिक लवकेश बजाज ( Lavkesh Bajaj) को लेकर एक और गंभीर खुलासा सामने आया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि उसने आर्थिक लाभ के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों (Bangladeshi infiltrators) के पहचान संबंधी दस्तावेज अपने पते पर बनवाने में मदद की थी। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि लवकेश बजाज ने कुछ लोगों को स्थानीय पहचान दिलाने के लिए अपने पते का इस्तेमाल करने की अनुमति दी। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों के दस्तावेज तैयार कराए गए और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लवकेश बजाज की संलिप्तता वर्ष 2025 में दर्ज दो बांग्लादेशी नागरिकों से जुड़े मामलों में सामने आई है। पुलिस का दावा है कि बजाज ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह जानता था कि संबंधित व्यक्ति बांग्लादेशी नागरिक हैं, इसके बावजूद उसने भारत में उनके पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाने में मदद की। पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक, करोड़ों रुपये की संपत्ति का मालिक होने के बावजूद बजाज ने आर्थिक लाभ के लिए अपने पते का इस्तेमाल कर कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिकों के दस्तावेज तैयार करवाए। जांच में सामने आया है कि उसके पते पर आधार कार्ड से लेकर पासपोर्ट तक बनवाए गए थे।
अब बढ़ीं लवकेश की मुश्किलें
पुलिस का दावा है कि उसने यह जानते हुए भी ऐसा किया कि वे भारतीय नागरिक नहीं हैं। आरोप यह भी है कि दस्तावेज तैयार कराने के अलावा उन्हें दिल्ली में रहने की व्यवस्था और पनाह भी उपलब्ध कराई गई थी। ताजा खुलासों के बाद पुलिस अब लवकेश बजाज के खिलाफ एक और FIR दर्ज करने की प्रक्रिया में है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसने केवल 2 लोगों की मदद की थी या फिर ऐसे और भी मामलों में उसकी भूमिका रही है।
पुलिस अब कई अहम बिंदुओं पर जांच कर रही है, जिनमें शामिल हैं क्या लवकेश बजाज ने अन्य विदेशी घुसपैठियों के दस्तावेज भी बनवाए? क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था? क्या उसकी संलिप्तता अन्य अवैध या आपराधिक गतिविधियों में भी रही है? आधार कार्ड, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज तैयार कराने में किन-किन लोगों की भूमिका थी? क्या किसी सरकारी कर्मचारी या एजेंट की मिलीभगत भी इस पूरे मामले में शामिल थी?जांच एजेंसियां दस्तावेजों की पूरी श्रृंखला, सत्यापन प्रक्रिया और संबंधित व्यक्तियों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
‘दिल्ली में सब चलता है‘ की सोच ने बढ़ाईं मुश्किलें
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से “दिल्ली में सब चलता है” वाली मानसिकता के साथ काम कर रहा था। होटल में सुरक्षा मानकों और अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर जब उससे सवाल किए गए तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसे बताया गया था कि ऐसी अनियमितताएं सामान्य हैं और राजधानी में इस तरह का काम चलता रहता है। यह सोच ही होटल संचालन में बरती गई गंभीर लापरवाहियों की एक बड़ी वजह हो सकती है। जांच में पहले ही सामने आ चुका है कि होटल में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। आग लगने की घटना में 21 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद विभिन्न विभागों ने भी जांच शुरू की है। इसी बीच, बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पहचान दस्तावेज बनवाने और उन्हें कथित तौर पर पनाह देने के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या लवकेश बजाज इसी तरह नियमों की अनदेखी कर अन्य अवैध गतिविधियों में भी शामिल रहा है।
4 दिन की पुलिस रिमांड पर
इसी बीच साकेत अदालत ने गुरुवार को होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। मामले में ऐसे अपराध भी शामिल हैं, जिनमें दोष सिद्ध होने पर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। अदालत ने माना कि जांच अभी शुरुआती और महत्वपूर्ण चरण में है, इसलिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ करना आवश्यक है। पुलिस का कहना है कि होटल में लगी आग, सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन, होटल संचालन में बरती गई लापरवाही और हाल में सामने आए अन्य आरोपों को लेकर कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की जानी है। इसी कारण लवकेश बजाज से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब होटल के संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं। पुलिस विशेष रूप से होटल के मैनेजर जय मिश्रा और अकाउंटेंट समेत अन्य प्रमुख व्यक्तियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इन लोगों से पूछताछ के बाद होटल के संचालन, लाइसेंस, सुरक्षा इंतजाम और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

