पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह बच्चों की मशहूर कविता ‘जॉनी-जॉनी यस पापा’ की तर्ज पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधती नजर आ रही हैं। वीडियो में ममता बनर्जी ने SIR, चुनाव आयोग और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए विपक्ष का रुख सामने रखा है।
‘सेव डेमोक्रेसी, सेव इंडिया’: ममता बनर्जी का अनोखा अंदाज
वायरल वीडियो में ममता बनर्जी कविता के अंदाज में कहती सुनाई देती हैं, “जॉनी-जॉनी यस पापा, एसआईआर नो पापा, ज्ञानेश कुमार यस पापा, रेजिग्नेश यस पापा, रिमूव यस पापा, अरेस्ट एस पापा, सेव डेमोक्रेसी यस पापा, सेव इंडिया यस पापा।”
इसके आगे वह BJP सरकार और ज्ञानेश कुमार को लेकर भी टिप्पणी करती हैं। इस रचनात्मक अंदाज के जरिए उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की भूमिका पर अपनी आपत्ति जताई।
सुप्रिया सुले ने X पर शेयर किया वीडियो
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। उन्होंने ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए लिखा, “ममता दीदी हमेशा की तरह कमाल हैं! थोड़ा हास्य, लेकिन दिल से दिया गया गंभीर संदेश: लोकतंत्र बचाओ, भारत बचाओ!” वीडियो सामने आने के बाद चुनाव प्रक्रिया और SIR को लेकर विपक्ष के विरोध का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से INDIA गठबंधन के नेताओं की मुलाकात
इससे पहले 9 अक्टूबर को INDIA गठबंधन के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर ज्ञापन सौंपा था। इस प्रतिनिधिमंडल में ममता बनर्जी भी शामिल थीं।
मुलाकात के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि राष्ट्रपति ने विपक्ष की चिंताओं को सुना। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप भी लगाए।
विपक्ष लगातार SIR और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे पर सवाल उठा रहा है। हालांकि, चुनाव में धांधली और अन्य अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

