पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार (1 जून 2026) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी को कमजोर करने और टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भतीजे और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को जान से मारने की कोशिश की गई है।

कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी ने 2 जून को रानी रश्मोनी रोड पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। उन्होंने इस फैसले को राजनीतिक दबाव का परिणाम बताते हुए चेतावनी दी कि यदि राज्य में विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली तो वह अपना आंदोलन दिल्ली तक ले जाएंगी।

‘TMC को तोड़ने की कोशिश नाकाम होगी’

ममता बनर्जी ने कहा कि विपक्षी दलों की तमाम कोशिशों के बावजूद टीएमसी पहले से ज्यादा मजबूत होकर उभर रही है। उन्होंने कहा, “कुछ लोग यह झूठ फैला रहे हैं कि पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं के साथ नहीं खड़ा है। लेकिन सच यह है कि दबाव, धमकी और लालच देकर कुछ विधायकों या सांसदों को प्रभावित करने की कोशिशें टीएमसी को कमजोर नहीं, बल्कि और मजबूत बना रही हैं।” उन्होंने मौजूदा हालात को “अराजक” बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगातार हमला किया जा रहा है।

अभिषेक और कल्याण बनर्जी पर हमले का मुद्दा गरमाया

ममता बनर्जी की यह प्रतिक्रिया हाल ही में टीएमसी नेताओं पर हुए कथित हमलों के बाद आई है। अभिषेक बनर्जी पर उस समय हमला हुआ था जब वह सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा में घायल हुए एक व्यक्ति के परिवार से मिलने जा रहे थे। वहीं, हुगली से टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया था।

इन घटनाओं का जिक्र करते हुए ममता ने BJP पर सीधा हमला बोला और कहा, “आपने अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी को जान से मारने की कोशिश की है। यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है।”

‘2,500 पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़’

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्यभर में टीएमसी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने से रोका जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के करीब 2,500 कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है और कई स्थानों पर धार्मिक संस्थानों को भी निशाना बनाया गया है।

उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ताओं को बैठकें करने नहीं दी जा रही हैं। उन्हें बाहर निकलने से रोका जा रहा है। लोकतांत्रिक अधिकारों का खुलेआम हनन किया जा रहा है।” ममता बनर्जी के इन आरोपों के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ गया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि BJP इन आरोपों का क्या जवाब देती है और आने वाले दिनों में यह राजनीतिक टकराव किस दिशा में जाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m