अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में अंधविश्वास का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।  आधी रात, सुनसान सड़क और एक शख्स के हाथ में लाल थैली, सिर पर गमछा, बदन पर जींस-टीशर्ट और सीधे पहुंचा एक महिला के घर के बाहर, जहां कथित तौर पर टोना-टोटका की सामग्री रखकर फरार हो गया। लेकिन इस बार अंधेरे में की गई ये हरकत कैमरे की नजर से बच नहीं पाई। CCTV में कैद तस्वीरों के आधार पर महिला ने एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अब सवाल है। आधी रात घर के बाहर आखिर कौन आया था और ये डरावना सामान किसने रखा। इस पूरी घटना का वीडियो घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15, टीटी नगर में घर के बाहर कथित तौर पर टोना-टोटका किए जाने का मामला सामने आया है। बुढार थाने में शिकायत दर्ज कराने वाली महिला  का आरोप है कि 5 अक्टूबर की रात करीब 12:44 बजे एक व्यक्ति उनके घर के बाहर पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, व्यक्ति ने हरी टी-शर्ट, नीली जींस और सिर पर गमछा बांध रखा था। उसने कथित तौर पर लाल थैली में रखी कुछ संदिग्ध सामग्री घर के मुख्य गेट के सामने रखी और वहां से चला गया। महिला का कहना है कि इस पूरी गतिविधि की तस्वीरें घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। 

शिकायत में महिला ने इस घटना के पीछे पुलिस विभाग में पदस्थ अमित दीक्षित पर संदेह जताया है। महिला के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति उसे अमित दीक्षित जैसा नजर आ रहा है। महिला और अमित दीक्षित के बीच पहले से विवाद होने की बात भी शिकायत में कही गई है। इस पूरी घटना का वीडियो घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि अमित दीक्षित पूर्व में शहडोल साइबर सेल में पदस्थ रह चुके हैं और वर्तमान में अनूपपुर पुलिस में पदस्थ हैं। हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान भी पुलिस जांच का विषय है।

मामले में महिला ने बुढार थाने में शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि आधी रात घर के बाहर आखिर वह शख्स कौन था और लाल थैली में रखी सामग्री वहां क्यों छोड़ी गई? सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। 

वहीं इस पूरे मामले में बुढार थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक महिला दे द्वारा लिखित शिकायत दी गई है, जिसमें आरोप लगाया  है कि एक व्यक्ति द्वारा उसके घर के बाहर टोना टोटका की सामग्री फेंकी है, मामले की जांच करा एवं दिये गए सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m