मोहित भावसार, शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में जनसुनवाई के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पारिवारिक विवाद और प्रशासनिक अनदेखी से परेशान एक युवक ने कलेक्ट्रेट परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद सतर्क मीडियाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक के हाथ से माचिस छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची एसडीएम ने युवक से चर्चा कर उसे पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय भिजवाया।
पट्टे की भूमि पर मकान निर्माण को लेकर विवाद
रिपोर्टर मोहित भावसार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक दुर्गेश मालवीय ग्राम गिरवर का रहने वाला है। दुर्गेश के जनसुनवाई आवेदन के मुताबिक, उसके दिवंगत पिता मांगीलाल के नाम पर ग्राम गिरवर में शासकीय पट्टे की भूमि है। इस पर पहले से दो कमरों का कच्चा मकान बना हुआ है।
बुआ और फुफेरे भाई पर आरोप
दुर्गेश का आरोप है कि पिछली होली पर जब वह कच्चे मकान को तोड़कर पक्का निर्माण कराने लगा, तो उसकी बुआ पारूबाई और उनके बेटे भेरूलाल ने विवाद शुरू कर दिया। वे उसे मकान नहीं बनाने दे रहे हैं और मकान की दीवार तोड़ने के दौरान जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित युवक का कहना है कि इस पारिवारिक और जमीनी विवाद को लेकर वह पहले भी कई बार गुहार लगा चुका है। दुर्गेश के अनुसार, वह अपनी समस्या को लेकर तीन बार जनसुनवाई में शिकायत दर्ज करा चुका है, लेकिन हर बार उसे निराशा ही हाथ लगी।
पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप
दो दिन पूर्व बुआ और उनके बेटे द्वारा मारपीट करने के बाद उसने लालघाटी थाने में लिखित आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी बात से तंग आकर उसने आज कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह जैसा खौफनाक कदम उठाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (SDM) तुरंत मौके पर पहुँचीं और पीड़ित युवक की बात सुनी। प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देते हुए आगे की जांच और सहायता के लिए एसपी कार्यालय भिजवाया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

