कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के मायके से वापस न लौटने पर एक शख्स ने अपने साढ़ू भाई को ही बंधक बना लिया। पीड़ित की पत्नी की सूचना पर हरकत में आई पनागर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और धनवंतरी नगर इलाके के एक कमरे से बंधक बनाए गए युवक को सकुशल छुड़ा लिया। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए थे

एसआई विपिन सिंह ने बताया कि आरोपी आयुष राजौरिया और कृष्णा राजौरिया (दोनों सगे भाई) अपनी पत्नी के मायके से वापस न लौटने से बेहद नाराज थे। वे अपनी नाराजगी और गुस्से का बदला लेने के लिए पत्नी के बहनोई (साढ़ू भाई) रोहित कोल को अपने साथ ले गए। आरोपियों ने धनवंतरी नगर इलाके के एक सूने कमरे में रोहित कोल को बंधक बनाकर रखा था। उसके हाथ-पैर रस्सी से बुरी तरह बांध दिए गए थे ताकि वह भाग न सके। जांच में यह भी सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने और पीड़ित को अगवा कर ले जाने के लिए आरोपियों ने एक चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया था।

आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने का मामला दर्ज

जब रोहित कोल काफी समय तक घर नहीं लौटा और उसकी कोई खबर नहीं मिली, तो उसकी पत्नी ने घबराकर तुरंत पनागर थाने में सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और तकनीकी मदद (मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग) का सहारा लिया। पुलिस ने धनवंतरी नगर स्थित उस ठिकाने पर दबिश दी, जहां रोहित को बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से बंधक रोहित कोल को सुरक्षित मुक्त करा लिया और दोनों आरोपी भाइयों आयुष राजौरिया तथा कृष्णा राजौरिया को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने और अन्य प्रासंगि धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m