शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां फॉक्सवैगन (Volkswagen) शोरूम के ही एक कर्मचारी ने अपनी पत्नी के महंगे शौक पूरे करने के लिए शोरूम से 23 लाख रुपये की लग्जरी कार चुरा ली। खास बात यह है कि आरोपी ने एक ग्राहक के नाम पर ‘वर्टस जीटी’ (Virtus GT) कार बुक कराई थी और टेस्ट ड्राइव या डिलीवरी के बहाने उसे लेकर फरार हो गया था। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है।

ग्राहक के नाम पर बुक कराई थी कार, स्टॉक मिलाने पर हुआ खुलासा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद पिछले करीब एक साल से इस कार शोरूम में नौकरी कर रहा था।आरोपी ने शोरूम में एक ग्राहक के नाम पर फॉक्सवैगन वर्टस जीटी कार बुक की। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वह उस नई नवेली लग्जरी कार को शोरूम से लेकर चंपत हो गया। मामला तब खुला जब कंपनी ने अपने स्टॉक का मिलान किया। स्टॉक में 23 लाख रुपये की यह लग्जरी कार गायब मिलने पर शोरूम प्रबंधन के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस से संपर्क किया गया।

GPS लोकेशन से मिला सुराग, मॉल के पास मिली कार

शोरूम की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने जब गाड़ी की तकनीकी जांच (टेक्निकल सर्विलांस) शुरू की, तो जीपीएस (GPS) लोकेशन ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने जीपीएस के जरिए कार की लोकेशन ट्रैक की, जो आशिमा मॉल के पास मिली। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो गाड़ी को कोई और नहीं बल्कि आरोपी की पत्नी चला रही थी। इसके बाद पुलिस की जांच में शोरूम कर्मचारी गजेंद्र की मुख्य भूमिका सामने आ गई।

पत्नी के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गजेंद्र की पत्नी को महंगी और लग्जरी कारों में घूमने का बहुत शौक था। पत्नी की इसी जिद और महंगे शौक को पूरा करने के लिए उसने अपनी ही कंपनी में धोखाधड़ी कर यह दुस्साहस किया। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 लाख रुपये की चोरी गई लग्जरी कार बरामद कर ली है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं और क्या इस कार की चोरी में पत्नी को पहले से पूरी जानकारी थी या नहीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m