हेमंत शर्मा, इंदौर/ देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक युवती की शिकायत के बाद कथित पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, लाखों रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर राजपूत करणी सेना ने भी पुलिस कार्रवाई की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी पीड़िता के साथ थाने पहुंचे।
महेंद्र बनकर की दोस्ती, बाद में सामने आई दूसरी पहचान
पीड़िता पुणे स्थित टीसीएस कंपनी में नौकरी करने का दावा करती है। उसका आरोप है कि अप्रैल 2025 में उसकी मुलाकात पुणे में एक युवक से हुई थी। उसने अपना नाम महेंद्र बताया और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और दोस्ती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा और अपने परिवार से मिलवाने के बहाने उसे देवास लेकर आया।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के अनुसार, मई 2025 में आरोपी उसे देवास स्थित अपने घर लेकर आया। वहां परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी पुणे में कई बार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि साल 2026 में जब वह दोबारा देवास पहुंची और शादी की बात की तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
7 से 8 लाख रुपये लेने और ब्लैकमेल का भी आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उससे समय-समय पर करीब 7 से 8 लाख रुपये लिए। आरोपी यह कहता था कि शादी के बाद दोनों का पैसा एक ही होगा। पीड़िता का दावा है कि नवंबर 2025 में इस लेन-देन को लेकर एक एग्रीमेंट भी कराया गया था। देवास में उसके साथ पिस्तौल दिखाकर दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे ब्लैकमेल भी किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर देवास के सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करणी सेना ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दीक्षित के साथ मान सिंह राजावत, रणविजय सिंह तोमर, कपिल कौशल सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। संगठन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


