मंडीदीप। भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे पर भोपाल-मंडीदीप सीमा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भोपाल से बालाघाट जा रही ‘नंदन ट्रैवल्स’ की तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस चालक केबिन में ही फंस गया।
ये भी पढ़ें: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गाए भजन, झूमे श्रद्धालु! आरती और भंडारे के बाद श्रद्धालुओं को दिलवाया बड़ा संकल्प
कलियासोत पुल पर हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हादसा मंडीदीप स्थित कलियासोत पुल के पास हुआ। बस में कुल 22 यात्री सवार थे। टक्कर होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही सतलापुर पुलिस, मंडीदीप पुलिस और एसडीओपी तुरंत मौके पर पहुंचे।
गैस कटर से केबिन काटकर निकाला गया ड्राइवर
केबिन में बुरी तरह फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर गैस कटर बुलवाकर बस की बॉडी को काटा गया, तब जाकर चालक को सकुशल बाहर निकाला जा सका।
ये भी पढ़ें: गणेश उत्सव में पुलिसकर्मी से मारपीट और लूट: वर्दी फाड़ी, 6 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज छीना; 6 गिरफ्तार
9 यात्री घायल, दूसरी बस से भेजे गए बाकी लोग
इस हादसे में बस में सवार 9 यात्रियों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत मंडीदीप के सिविल अस्पताल और नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गनीमत यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पुलिस ने बाकी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



