शुभम जायसवाल, राजगढ़। गणेश उत्सव के दौरान किला गेट पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। इस दौरान उसकी वर्दी फाड़ दी गई और जेब में रखे 6 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और पुलिस आईडी सहित जरूरी दस्तावेज छीन लिए गए। घटना के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने पीछा कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

तेज रफ्तार बाइक सवारों को रोकने पर विवाद

घटना 19 सितंबर की रात करीब 8:50 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा की गणेश उत्सव के दौरान किला गेट स्थित मिश्रित आबादी झांकी पर (शाम 6 बजे से रात 1 बजे तक) ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:50 बजे प्रधान आरक्षक को सूचना मिली कि कुछ युवक दो मोटरसाइकिलों पर तेज रफ्तार से चिल्लाते और हुड़दंग करते हुए किला गेट की ओर जा रहे हैं। पुलिसकर्मी ने उन्हें रोककर पूछताछ करने की कोशिश की। बताया गया है कि कुछ देर बाद वही युवक दोबारा मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौच करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी खींचकर फाड़ दी गई और उसे किला गेट से घूम घाटी की तरफ ले जाने का प्रयास किया गया।

जेब से 5 हजार और पर्स से 1 हजार निकाले

मारपीट और खींचतान के दौरान पुलिसकर्मी की जेब में रखे 5 हजार रुपये और पेंट की जेब में रखा पर्स भी छीन लिया गया। पर्स में 1 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पुलिस आईडी कार्ड समेत अन्य दस्तावेज थे। इसी बीच पुलिस स्टाफ और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगे।

पीछा कर दो आरोपी पकड़े, चार की झंझाड़पुर के पास घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और भाग रहे आरोपियों का पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, भारतसिंह तंवर और अनारसिंह तंवर को बाइक से पीछा कर पकड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम झंझाड़पुर के पास दुर्गम क्षेत्र में घेराबंदी कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

एक नाबालिग समेत कुल छह गिरफ्तार

इस मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारतसिंह पिता विजयसिंह तंवर (45), अनारसिंह पिता भीमा जी तंवर (22), ललित पिता दुलेसिंह तंवर (19), कालू पिता देवीसिंह तंवर (22), राकेश पिता देवसिंह तंवर (21) और धर्मेंद्र पिता बनेसिंह तंवर (27) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम झंझाड़पुर, थाना कोतवाली राजगढ़ के निवासी बताए गए हैं। मामले में एक नाबालिग आरोपी के शामिल होने की बात भी पुलिस ने कही है। उसकी पहचान और अन्य व्यक्तिगत जानकारी कानून के प्रावधानों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।

तीन आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक, भारतसिंह तंवर के खिलाफ वर्ष 2005 से 2021 के बीच मारपीट, बलवा, धमकी, आगजनी, जबरन वसूली समेत विभिन्न धाराओं में छह प्रकरण दर्ज हैं। धर्मेंद्र तंवर के खिलाफ वर्ष 2015 से 2025 के बीच मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम और एससी/एसटी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में चार मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। राकेश तंवर के खिलाफ वर्ष 2024 में मारपीट, गाली-गलौच और धमकी से संबंधित धाराओं में एक मामला दर्ज बताया गया है। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

कोतवाली राजगढ़ पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 707/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में धारा 132, 121(1), 221, 310(2), 296(बी) और 351(3) बीएनएस के तहत जांच की जा रही है। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। नाबालिग आरोपी के संबंध में बाल न्याय व्यवस्था के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m