पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त माने जाने वाले नर्मदा वार्ड में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। घर से अपनी दुकान की तरफ जा रही एक महिला को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया और गले से सोने की चेन खींचकर रफूचक्कर हो गए। यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीछे से आए और मारा झपट्टा
बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला ममता अग्रवाल अपने घर से निकलकर अपनी दुकान की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाश उनके ठीक पीछे आए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली। पलक झपकते ही बदमाश तेजी से बाइक भगाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस खंगाल रही फुटेज
घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला ममता अग्रवाल अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाना पहुँची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रूट और उनकी बाइक का नंबर ट्रेस किया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

