पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में स्वास्थ्य विभाग के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। खुद को स्वास्थ्य अधिकारी बताकर एक BMS डॉक्टर को कार्रवाई का डर दिखाने और 20 हजार रुपये वसूलने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मक्के का है… जहां आरोपी ने कथित तौर पर डॉक्टर पर दबाव बनाकर रकम वसूली थी पीड़ित डॉक्टर ने नैनपुर थाना में शिकायत के बाद  पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बम्हनी बंजर थाना परिसर के सामने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।


जानकारी के मुताबिक, आरोपी खुद को स्वास्थ्य अधिकारी बताकर ग्रामीण क्षेत्रों के निजी डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर्स पर दबाव बना रहा था। इसी दौरान ग्राम मक्के में एक BMS डॉक्टर को कार्रवाई का डर दिखाकर 20 हजार रुपये वसूलने का आरोप है। पीड़ित डॉक्टर ने मामले की शिकायत नैनपुर थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर बम्हनी बंजर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। अब आरोपी को नैनपुर पुलिस के सुपुर्द कर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।



पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वसूली की हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा वहीं इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के नाम पर होने वाली कथित ठगी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों से अपील है कि किसी भी अधिकारी की पहचान और कार्रवाई की वैधता की पुष्टि करें तथा अवैध रूप से पैसों की मांग किए जाने पर संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना दें। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। अब देखना होगा कि पूछताछ में इस फर्जीवाड़े से जुड़े और कितने तथ्य सामने आते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m