पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक चौंकाने वाली और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। जिले के प्रेमपुर बंजारी गांव में रतनजोत (चंद्रजोत) के बीज खाने से एक ही परिवार के सात बच्चे अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। बच्चों की अचानक तबियत बिगड़ने से परिजनों और इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी बच्चों को रात के वक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
रतनजोत के बीज खाने से बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमपुर बंजारी गांव में बच्चों ने अनजाने में कथित तौर पर रतनजोत के बीज खा लिए थे। बीज खाने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर सभी सात बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिवार के लोग घबरा गए। बच्चों को उल्टियां और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजन तुरंत सभी बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
हालत सामान्य
मंडला जिला अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों का तुरंत उपचार शुरू किया। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल सभी सातों बच्चों की हालत खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।

