बलवंत भट्ट, मंदसौर।मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां न्याय की आस में कलेक्ट्रेट पहुंचे एक युवक ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर कार्यालय परिसर में लोट लगाना शुरू कर दिया। युवक का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी उसकी खुद की जमीन पर दूसरे लोगों को कब्जा दिलवा रहे हैं।

यह पूरा मामला मल्हारगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेड़ा कोयला का है। पीड़ित फरियादी देवीलाल ने बताया कि वह पिछले 7 वर्षों से अपनी जमीन के मामले को लेकर लगातार दर-दर भटक रहा है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

युवक ने नायब तहसीलदार और अन्य स्थानीय कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारी उसकी जमीन पर अवैध कब्जा दिलवाने में मदद कर रहे हैं। अपनी इस पीड़ा और प्रशासनिक सिस्टम के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए देवीलाल लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंच गया।

घटना के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाई और युवक को उठाया, जिसके बाद उसे सीधे कलेक्टर साहब के सामने पेश किया गया, ताकि उसकी समस्या का समाधान किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m