बलवंत भट्ट, मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस महकमे से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले में कानून व्यवस्था और अनुशासन को लेकर एसपी ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने अलग-अलग मामलों में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर दो पुलिस आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है जबकि अन्य दो आरक्षकों को लाइन अटैच करने के आदेश जारी किए हैं।
ये भी पढ़ें: वन विभाग की कार्रवाई: 30 लाख में हो रहा था बाघ की खाल और अंगों का सौदा, टीम ने 4 तस्करों को दबोचा
जनप्रतिनिधियों से विवाद पड़ा भारी
मिली जानकारी के अनुसार गरोठ थाना क्षेत्र में पदस्थ दो पुलिस आरक्षकों का स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार और विवाद की शिकायत आला अधिकारियों तक पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदसौर एसपी ने त्वरित एक्शन लिया और गरोठ थाने के दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।
ये भी पढ़ें: माननीय न्यायालय के आदेश के बावजूद जमीन पर कब्जा, परिवार को मिल रही धमकी, पीड़ित ने लगाई प्रशासन से गुहार
भावगढ़ थाने के दो आरक्षक सस्पेंड
दूसरी बड़ी कार्रवाई भावगढ़ थाने में देखने को मिली है। यहां कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अन्य गंभीर शिकायतों के चलते भावगढ़ थाने पर पदस्थ दो पुलिस आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। मंदसौर एसपी ने इन दोनों ही मामलों से जुड़े आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस कप्तान की इस कड़े रुख ने साफ संदेश दे दिया है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही या दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

