बलवंत भट्ट, मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसकी बोर्ड परीक्षा चल रही थी। जिसका एक पेपर बिगड़ गया था। इससे परेशान होकर उसने खौफनाक कदम उठा लिया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला सीतामाऊ इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, 10वीं का छात्र पीयूष राठौर का 2 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर था। परिजनों ने बताया कि पीयूष का यह पेपर बिगड़ गया था। इसी बात से वह परेशान और दुखी था। पीयूष ने आहत होकर अपने ही घर पर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं सीतामऊ की पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: ‘रतलाम पब्लिक स्कूल’ पर लगा प्रतिबंध: अब कोई भी भर्ती या प्रवेश परीक्षा नहीं होगी, आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़ा है मामला
अपील
सवाल यह है कि पेपर बिगड़ जाने से सुसाइड करना ठीक है ? तो इसका एक ही जवाब है ‘नहीं’। क्यों कि जिंदगी में असफलता पलभर के लिए रहती है। अभिभावकों को बच्चों के असफल होने पर उनके साथ खड़े रहना चाहिए। साथ ही जिंदगी में आने वाली चुनौतियों से सामना करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इसके अलावा असफलता के बाद भी बच्चों को आगे बढ़ने के लिए लगातार मार्गदर्शन करना चाहिए, ताकि वह इस तरह के कदम न उठा सके।

