महेंद्रगढ़। जिले के नारनौल में नेशनल हाईवे नंबर 148B पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 5 बजकर 25 मिनट पर आम से भरी एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इस घटना में ड्राइवर और उसके साथ मौजूद युवक बाल-बाल बच गए।

यह घटना गांव अकबरपुर और भोजावास बस स्टैंड के बीच हुई। बताया जा रहा है कि चालक पीछे से आ रहे एक डंपर को रास्ता देने की कोशिश कर रहा था। तभी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप हाईवे पर पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर हर तरफ आम ही आम बिखर गए। इससे हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह रुक गया।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

घटना के समय आसपास टहल रहे लोगों ने मौके पर पहुँचकर तुरंत मदद की। उन्होंने पिकअप के अंदर फंसे ड्राइवर और उसके साथी को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि उस समय कोई अन्य वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। बाद में लोगों ने मिलकर सड़क से आम हटाए और रास्ता साफ कराया।

दूसरी गाड़ी मंगवाकर शिफ्ट किया सामान

हादसे के बाद ड्राइवर ने फोन करके दूसरी पिकअप गाड़ी मंगवाई। पिकअप में आम की कुल 100 पेटियां लदी हुई थीं। सड़क पर पलटने के कारण करीब 20 पेटियां पूरी तरह खराब हो गईं। बाकी सामान को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया गया। पुलिस को भी इस घटना की सूचना दे दी गई थी। हाईवे पर अब स्थिति सामान्य है और गाड़ियों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है।