रोहतक। हरियाणा में सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता सामने आई है। रोहतक और हिसार के कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रोहतक नगर निगम के कार्यालय और मॉडल स्कूल को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इन जगहों को तुरंत खाली करवा दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

निगम कमिश्नर को मिली धमकी
रोहतक नगर निगम के कमिश्नर सत्येंद्र दुहन को एक ईमेल के जरिए यह धमकी भरा संदेश मिला। संदेश मिलते ही उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्यालय को खाली करने के आदेश दे दिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम के साथ लगते मॉडल स्कूल को भी तुरंत खाली कराया गया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनकी छुट्टी कर दी गई और स्कूल को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया है। निगम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में इस धमकी के बाद डर का माहौल बना हुआ है।
हिसार के स्कूलों में भी जांच जारी
उधर, हिसार के चार स्कूलों को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत स्कूलों में पहुंचीं और गहन जांच की गई। पुलिस का कहना है कि यह केवल डराने के लिए किया गया प्रयास हो सकता है, लेकिन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। ईमेल भेजने वाली आईडी की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने दी लोगों को हिदायत
पुलिस प्रवक्ताओं ने आम जनता और अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। पुलिस हर स्तर पर निगरानी रख रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर यह धमकी भरे मेल भेजने के पीछे किसका हाथ है। फिलहाल, संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

