संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में आम सीजन की शानदार शुरुआत हो गई है, मंडियों में आम की पहली बोली लगने के साथ ही किसानों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। सुबह से ही आम से लदी गाड़ियों के मंडी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जहां व्यापारियों ने अच्छी कीमतों पर खरीदी शुरू की।
READ MORE: तेज रफ्तार टैंकर ने मासूम बच्ची को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
इस अवसर पर आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर और जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी खरत ने महिला कृषक का तिलक लगाकर स्वागत किया,इसके बाद आम के ढेर की पहली विधिवत बोली लगाकर सीजन का शुभारंभ किया गया। आलीराजपुर का आम अपनी खास मिठास और प्राकृतिक स्वाद के लिए प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में पहचान बना चुका है। यहां से आम गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भेजे जाते हैं, जहां इसकी काफी मांग रहती है।
READ MORE: गढ़कलिका मंदिर विवाद में आया नया मोड़: आरती के दौरान बीच में खड़ी थी महामंडलेश्वर, CCTV फुटेज आया सामने
कलेक्टर नीतू माथुर ने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडी में पारदर्शी व्यवस्था और किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आलीराजपुर का आम अब दूसरे राज्यों में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। मंडी में किसानों और व्यापारियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। आम की पहली बोली के साथ ही जिले में सीजन की सकारात्मक शुरुआत मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष आम का व्यापार किसानों के लिए बेहतर मुनाफा लेकर आएगा और जिले की पहचान को और मजबूत करेगा।

