रेवाड़ी की रहने वाली स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की शिमला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्कूल विवाद को लेकर उन्होंने पहले ही अपनी जान को खतरा बताया था।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश की राजधानी Shimla के संजौली क्षेत्र में स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। खास बात यह है कि मनीषा मूल रूप से हरियाणा के Rewari जिले की रहने वाली थीं और गोल्डन हाईट्स विला सोसायटी में उनका परिवार रहता है।
शनिवार शाम स्कूल के मुख्य गेट पर दो नकाबपोश हमलावरों ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। बाद में उनकी मौत हो गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि स्कूल के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर मनीषा ने कुछ दिन पहले प्रेसवार्ता की थी और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। अब हत्या के बाद वही वीडियो चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड में आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद और स्कूल मालिकाना विवाद समेत कई एंगल पर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में हत्या के पीछे असली वजह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।

