राजधानी के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। मोटरसाइकिल पर सफर कर रहे 5 साल के मासूम बच्चे की जानलेवा मांझे की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर सीएनजी पंप की ओर जा रहा था। तभी अचानक रास्ते में लटक रहे खतरनाक मांझे (पतंग की डोर) की चपेट में आने से बच्चे को गंभीर चोट लग गई।

बाइक से जा रहे 5 साल के बच्चे को रास्ते में हवा में उड़ता तेज धार वाला मांझा अचानक नीचे आकर लिपट गया। मांझे की तेज रगड़ से बच्चे को गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गया। मौके पर ही काफी खून बहने लगा, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए पास के जेपीसी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर सक्रिय हुई। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन गहरे घाव और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में शोक की लहर है और पूरे इलाके में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मांझा किसका था वह कहां से आया कहीं यह प्रतिबंधित चाइनीज मांझा तो नहीं था  इसके लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि मांझे के स्रोत और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जा सके।

खुले नाले में गिरने से बच्ची की मौत

राजधानी के मुकुंदपुर इलाके में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के सामने बह रहे खुले नाले में गिरने से 2 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान आश्वी केसरी के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के भलस्वा डेरी थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, आश्वी अपने माता-पिता के साथ ईशू विहार में रहती थी। घर के ग्राउंड फ्लोर पर उसके पिता की डेयरी की दुकान है. दुकान के ठीक सामने करीब 3 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा नाला बहता है . बताया गया कि यह नाला आमतौर पर स्लैब से ढका रहता था, लेकिन कुछ दिन पहले सफाई के दौरान स्लैब हटाए गए और उन्हें दोबारा नहीं लगाया गया, जिससे यह हादसा हो गया।

खेलते वक्त हुई थी लापता

दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में हुई दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। 2 साल की मासूम आश्वी केसरी रविवार सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक लापता हो गई। मां द्वारा आवाज लगाने पर जब बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की।आसपास के लोगों की मदद ली गई. बच्ची की फोटो व्हाट्सऐप ग्रुप में शेयर की गई .पास के खुले नाले में बांस के सहारे खोजबीन की गई  करीब दोपहर 3 बजे, जब नाले के स्लैब हटाकर गहराई से तलाश की गई, तो मासूम नाले में डूबी हुई मिली। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जिम्मेदार एजेंसी की जानकारी मांगी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि नाले के रखरखाव की जिम्मेदारी किस विभाग की थी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बाढ़ नियंत्रण विभाग, एमसीडी और पीडब्ल्यूडी से जानकारी मांगी जाएगी, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके। मृतका के पिता विकास केसरी ने बताया कि आश्वी उनकी इकलौती संतान थी और अक्सर दुकान के सामने खेलती रहती थी। उनका कहना है कि “अगर नाला ढका होता, तो मेरी बेटी आज जिंदा होती।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m