० शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत होगा लोकतंत्र, गोहाना में बोले कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
संजीव घनगस, गोहाना। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने में बीएलए-2 की भूमिका सबसे अहम है और उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ इस कार्य को निभाना चाहिए।
शुक्रवार को अग्रवाल सत्संग भवन, गोहाना में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में डॉ. अरविंद शर्मा ने बूथ अध्यक्षों, बीएलए-1 और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संवाद किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
घर-घर संपर्क कर करें मतदाताओं का सत्यापन
कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर छोटी-छोटी टोलियां बनाकर घर-घर संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर चले गए हैं या जिनके नाम में त्रुटियां हैं, उनकी जानकारी एकत्र कर समय रहते सूची को अपडेट कराया जाए।
बूथ स्तर की मजबूती ही भाजपा की ताकत : राजीव जैन
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने कहा कि बूथ स्तर पर सटीक जानकारी जुटाने से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी बनेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को संगठनात्मक जिम्मेदारी के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्व के रूप में लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। कार्यकर्ताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी घर-घर तक पहुंचाना चाहिए।

कार्यकर्ताओं के सुझावों पर हुआ मंथन
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए। डॉ. अरविंद शर्मा ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और संगठन विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि गोहाना विधानसभा के कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
बैठक में विधायक रणधीर पनिहार, भाजपा जिला प्रभारी डॉ. किरण कलकल, गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, बीएलए-1 राजू पटवा सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत गोहाना विधानसभा के गांव नगर में बूथ संख्या 98 पर त्रिवेणी पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल का संकल्प लेना भी उतना ही जरूरी है, ताकि वह भविष्य में समाज और पर्यावरण के लिए लाभदायक बन सके। इस अवसर पर खानपुर कलां मंडल अध्यक्ष प्रवीण खुराना और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

