Rajasthan Politics: राजस्थान की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल के एक खुलासे ने शनिवार को मरूधरा की सियासत और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। जोधपुर सर्किट हाउस पहुंचे मानवेंद्र सिंह ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि पिछले दो दिनों से को उन पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने साफ कहा कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी उनका पीछा करने की कोशिश कर रही है, जिससे उनकी सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

शनिवार को जोधपुर सर्किट हाउस में उस वक्त माहौल गरमा गया जब मानवेंद्र सिंह जसोल ने राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद जब वे बाहर आए, तो उनके चेहरे पर चिंता साफ दिख रही थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मानवेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें पहले ही सतर्क रहने की सलाह दी गई थी। उन्होंने कहा, पिछले दो दिनों से एक संदिग्ध स्कॉर्पियो मेरा पीछा कर रही है। मैंने इसकी जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को दे दी है। हालांकि, ये लोग कौन हैं और किस मकसद से उनके पीछे लगे हैं, इस पर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है।

पचपदरा रिफाइनरी में हाल ही में हुए हादसे और वहां इस्तेमाल किए गए मटीरियल पर उठ रहे सवालों का भी मानवेंद्र सिंह ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब तक आधिकारिक रिपोर्ट नहीं आती, कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन उन्होंने एक बड़ा तर्क देते हुए कहा, जिस जगह देश के प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित हो, वहां घटिया स्टील या सामग्री इस्तेमाल होने की उम्मीद कम ही की जा सकती है। वहीं, राजस्थान में अटके पंचायती राज चुनाव पर उन्होंने स्पष्ट किया कि देरी सरकार की वजह से नहीं, बल्कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के इंतजार में हो रही है।

इंटरनेशनल मुद्दों पर बात करते हुए जसोल ने इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस युद्ध की वजह से पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ना तय है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। उन्होंने इसे वैश्विक स्तर पर चल रही दादागिरी करार देते हुए कहा कि युद्ध किसी भी देश के बजट को बिगाड़ सकता है। वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव पर चुटकी लेते हुए बोले कि टीएमसी का रोना बताता है कि वहां बीजेपी की मेहनत रंग ला रही है और प्रजातंत्र के लिए कुछ अच्छा होने वाला है।

मानवेंद्र सिंह के इस खुलासे के बाद जोधपुर पुलिस अब अलर्ट मोड पर है। सर्किट हाउस के आसपास और उनके रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस उस संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाश में जुट गई है जिसका जिक्र पूर्व सांसद ने किया है।

पढ़ें ये खबरें