सागर। मध्य प्रदेश के सागर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी फिर उसके कपड़े कुएं में फेंक दिए। आरोपी पहले से शादीशुदा था। वारदात को अंजाम देने के बाद जब छुट्टी लेकर गया तो पुलिस को शक हुआ। पूरी घटना मोतीनगर थाना क्षेत्र की है। 

दरअसल, 30 सितंबर को युवती देर रात अपने घर से लापता हो गई थी जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुम होने की खबर थाने में दर्ज कराई। 10 अक्टूबर को उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर एक कुएं में निर्वस्त्र अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जिसके बाद उसकी दुष्कर्म कर हत्या की पुष्टि हुई।  

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि 19 वर्षीय अजय कुमार और युवती की मुलाकात उसकी मौत से करीब 15 दिन पहले हुई थी। दोनों में मुलाकात के बाद प्यार हो गया। युवती ने शादी के बारे में पूछा तो युवक ने मना कर दिया। इस पर आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है। यह सुनकर युवती ने उसकी सच्चाई अपने और आरोपी के परिजनों को बताने की बात कही जिससे आरोपी नाराज हो गया।

वारदात की रात जब युवती के परिवार वाले सो रहे थे, तब 1 बजे आरोपी ने उसे घर से बाहर बुलाया और कुछ दूर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।  इसके बाद उसे कुएं में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए कपड़े भी कुएं में फेंक दिए। जांच के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास हाईवे निर्माण कार्य में लगे लोगों से पूछताछ की।

इस दौरान पता चला कि निर्माण कार्य में लगा एक युवक घटना वाले दिन से ही छुट्टी पर चला गया था। पुलिस को उस पर शक हुआ और तलाश कर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m