रायगड़ा: नागालैंड में देश की सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए असम राइफल्स के जवान वी. तेजा (31) का पार्थिव शरीर रायगड़ा पहुंचने के बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सिरिगुड़ा स्थित स्वर्गद्वार में गार्ड ऑफ ऑनर और राजकीय सम्मान के साथ वीर जवान को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान रायगड़ा का माहौल देश भक्ति के नारों, परिजनों के क्रंदन और अपार राष्ट्रीय गर्व से ओत-प्रोत नजर आया।

सोमवार देर रात जब शहीद जवान वी. तेजा का पार्थिव शरीर सेना के वाहन से रायगड़ा पहुंचा तो उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में स्थानीय लोग, युवा और पूर्व सैनिक एकत्रित हो गए। अंतिम यात्रा के दौरान आसमान “वीर तेजा अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

इससे पूर्व, रायगड़ा के जिलाधिकारी आशुतोष कुलकर्णी और पुलिस अधीक्षक (SP) ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सेना के जवानों ने राइफलों की सलामी देकर गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।

रायगड़ा शहर के कटूर इलाके के निवासी वी. तेजा वर्ष 2022 में असम राइफल्स में शामिल हुए थे। नागालैंड में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस शहादत से जुड़ा एक अत्यंत दुखद संयोग यह रहा कि बुधवार (7 अक्टूबर) को शहीद वी. तेजा का 31वां जन्मदिन था। यही नहीं, आगामी दिसंबर महीने में उनकी शादी भी तय हो चुकी थी और परिवार वाले उनकी शादी की तैयारियों में जुटे थे।

नागालैंड से जवान के पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग द्वारा गुवाहाटी, फिर हैदराबाद और विशाखापत्तनम लाया गया, जहां से विशेष एम्बुलेंस द्वारा रायगड़ा पहुंचाया गया। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने शहीद जवान की राष्ट्रसेवा और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H