गुरदासपुर. गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से अहम खबर आमने आई है, यहां संदिग्ध परिस्थिति में घूमते तीन लोगों पर पुलिस ने नकेल कसी है. यह घटना दाना मंडी इलाके की है, जहां पुलिस ने तीन नकाब पोश लोगों को पकड़ने की कोशिश की. जैसे ही पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू किया वह एक्टिव हो गए और भागने की कोशिश करने लगे. इस दौरान ही उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया.

पुलिस के अनुसार, तीनों संदिग्ध एक मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे. पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनका पीछा शुरू किया गया. इसी दौरान आरोपियों ने दाना मंडी में पहुंचकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी. घटना में किसी पुलिसकर्मी या आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है.

इस बारे में डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक मुंह ढककर मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी. इस दौरान ही तीनों में अचानक से पुलिस टीम को देखकर तीनों युवक दाना मंडी की तरफ भागने लगे, हालत को देखते हुए पुलिस ने उनका पीछा किया और मंडी के भीतर उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई, दो संदिग्ध गिरफ्तार
फायरिंग होते ही पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने भी पुलिस की मदद की। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी वहां से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। इस पूरे घटनाक्रम में वहां रहने वालों पर बड़ा असर पड़ा है। नकाबपोश लोगों को घूमता देख स्थानीय नागरिक पहले ही भय में थे उसके बाद पुलिस और उनके बीच हुई फायरिंग के कारण दहशत का माहौल बना हुआ है।