करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के मेरठ रोड स्थित सूरज नगर में एक पटाखा गोदाम में भीषण धमाका होने का मामला सामने आया है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई।

इस हादसे में पड़ोस के मकान में मौजूद एक बच्ची घायल हो गई है। धमाके के कारण गोदाम की छत उड़ गई और बगल में स्थित मकान की दीवार पूरी तरह ढह गई। इसके अलावा आसपास के कई घरों की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया। सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया।

स्थानीय निवासी और पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि यहां पहले पटाखा फैक्ट्री संचालित होती थी। फैक्ट्री बंद होने के बाद भी मालिक मोहन लाल ने भारी मात्रा में पटाखे वहीं छोड़ दिए थे।

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा कारणों से मालिक को कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया। पीड़ित महिला ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कर्ज लेकर अपना घर बनाया था, जो इस धमाके की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है।

घायल बच्ची के परिजनों ने गोदाम मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नुकसान के मुआवजे की मांग की है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं कि रिहायशी इलाके में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण कैसे किया जा रहा था।