कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। Gwalior Collectorate: मंगलवार को ग्वालियर कलेक्ट्रेट परिसर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ई-ट्रेनिंग रूम में लगी, जहां रखे कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर खाक हो गए। जानकारी के मुताबिक ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़की। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।

ग्वालियर कलेक्ट्रेट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पास लगे ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट हुआ। ई-ट्रेनिंग रूम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। कमरे के अंदर मौजूद कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर और अन्य सामान जल गया।

बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी। आगजनी के चलते कोषालय सहित कई विभागों के कंप्यूटर सिस्टम भी बंद हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि नुकसान कितना हुआ है इसका आकलन सुबह उजाला होने के बाद ही हो पाएगा। 

फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से पूरी कलेक्ट्रेट की बिजली सप्लाई बंद कराई गई है। कर्मचारियों को पहले से फायर सेफ्टी की ट्रेनिंग दी गई थी और शुरुआती स्तर पर फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश भी की गई। अब पूरे मामले की जांच कराई जाएगी कि आग लगने की असली वजह क्या रही।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना ने सरकारी दफ्तरों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब नुकसान के आकलन और आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m