रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर खलघाट टोल प्लाजा के समीप देर रात एक दर्दनाक हादसा टल गया। इंदौर से मनावर जा रही एक चलती कार में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत यह रही कि कार में सवार लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा जनहानि हादसा टल गया।

घटना बीती रात करीब 2 बजे की

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती देर रात करीब 2 बजे की है। गाड़ी मालिक एवं चालक अमन यादव (जो एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं) अपनी कार से इंदौर से मनावर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने कार में सीएनजी (CNG) भरवाई और खाना खाने के बाद मनावर के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार खलघाट टोल प्लाजा के समीप पहुँची, उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट या अन्य अज्ञात कारणों से आग सुलग उठी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

लोगों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत गाड़ी से बाहर निकले

कार में आग लगते ही वाहन में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत गाड़ी से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने आग बुझाने का तुरंत प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलते ही डायल 112 और दमकल (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

किसी प्रकार की जनहानि नहीं

घटना की सूचना मिलते ही एबी रोड के यातायात प्रभारी पदम सिंह भाटी और खलघाट चौकी पुलिस भी तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रभारी पदम सिंह भाटी ने बताया कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या हताहत होने की सूचना नहीं है। कार में अचानक आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m