मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड आंदोलनकारियों, किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर बुधवार को बुलाए गए झारखंड बंद का पलामू में असर दिखाई दिया। मेदिनीनगर के रेड़मा चौक पर आंदोलनकारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह रोक दिया। हाथों में तीर-धनुष लिए आंदोलनकारियों के प्रदर्शन से इलाके में हलचल बढ़ गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सुबह से ही आंदोलनकारी रेड़मा चौक पर पहुंचने लगे थे। भीड़ बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर और लेटकर रास्ता रोक दिया। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के पहुंचने के बाद आंदोलनकारियों से बातचीत की गई।
लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड आंदोलनकारियों के लिए पेंशन लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकार सुनिश्चित करने तथा गरीब और जरूरतमंद लोगों को जमीन की रसीद देने की व्यवस्था करने की मांग की गई।
आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित करने के लिए बंद का समर्थन किया गया है।
10:30 बजे हटाया गया जाम
रेड़मा चौक पर जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर यातायात बहाल कराने की कोशिश की। करीब 10:30 बजे आंदोलनकारियों ने जाम हटा लिया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के मुरारी पांडेय, विकेश शुक्ला समेत अन्य आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। मुरारी पांडेय ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है और आंदोलनकारियों की लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शन किया गया है।


