अजय नीमा, उज्जैन। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात से ही कतार में लगे हुए है। रात्रि ढाई बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद तीन बजे बाबा महाकाल की भस्मारती शुरू हुई। जिसके हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिए। श्रावण मास भगवान भोलेनाथ का सबसे प्रिय माह माना गया है। मान्यता है कि श्रावण माह में शिव आराधना करने से सभी कष्टो से तुरन्त मुक्ति मिलती है।
ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़
इमरान खान, खंडवा। खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली है। सुबह से ही नर्मदा घाटों से लेकर मंदिर परिसर तक भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए।
सावन माह के दूसरे सोमवार पर ओंकारेश्वर की गलियों से लेकर नर्मदा घाट तक हर तरफ भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। पूरे ओंकारेश्वर में “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “नर्मदे हर” के जयघोष गूंजते रहे। भगवान ओंकारेश्वर का विशेष पुष्प श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
बलवंत भट्ट, मंदसौर। जिले में अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए हजारों की तादात में भक्तगण पहुंच रहे हैं। महिलाओं और पुरुषों को कतारबंद भगवान पशुपतिनाथ जी के दर्शन करवाए जा रहे है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। भक्तगण अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के साथ नवनिर्मित पशुपतिनाथ लोक का भी भ्रमण करने पहुंच रहे है। कई क्षेत्रों से कांवड़ यात्रा लेकर भी भगवान पशुपतिनाथ पहुंच रहे है।
आगर मालवा में निकलेगी ऐतिहासिक कलश यात्रा
लवकुश बैरागी, आगर मालवा। आगर-मालवा में सावन के दूसरे सोमवार को आस्था का भव्य आयोजन होने जा रहा है। विधायक मधु गहलोत की प्रेरणा से इस बार 51 हजार कलशों की ऐतिहासिक यात्रा निकाली जाएगी। इससे पहले भी उनके नेतृत्व में 11 हजार कलशों की यात्रा सफलतापूर्वक निकाली जा चुकी है। यह कलश यात्रा पुरानी कृषि उपज मंडी से शुरू होकर बड़ोद चौराहा, हाटपुरा छावनी चौराहा होते हुए प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी। हजारों श्रद्धालु महिलाएं भगवान शिव के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल होंगी। पुरानी कृषि उपज मंडी में तैयारियां जोर-शोर की गई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


