राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में इस शारदीय नवरात्रि पर आस्था और रेलवे की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। शहर के मोहन गिरी तिराहे पर एक ऐसी भव्य और अनूठी झांकी सजाई गई है, जो लोगों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां लगभग 120 फीट के दायरे में पुराने जमाने के विदिशा रेलवे स्टेशन का हूबहू स्वरूप तैयार किया गया है, जिस पर पुरानी शैली की ट्रेन और माता रानी की झांकी सजाई गई है।

नई पीढ़ी को संस्कृति से अवगत कराना

झांकी के संचालक सोनू राजपूत ने बताया कि इस पूरी रचना का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय रेलवे के पुराने दौर और हमारी संस्कृति से अवगत कराना है। भगवान शिव और गणेश जी की अनूठी भूमिका: झांकी में सजाए गए पुराने स्टीम इंजन में भगवान भोलेनाथ ड्राइवर (लोको पायलट) के रूप में विराजमान हैं, जबकि ट्रेन के आखिरी डिब्बे में भगवान गणेश गार्ड की भूमिका में बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

माता के नौ स्वरूप

ट्रेन के अन्य डिब्बों में माता रानी के विभिन्न स्वरूपों (नौ देवियों) की बेहद मनमोहक झांकियां सजाई गई हैं। पुरानी यादों और संस्कृति का संगम: झांकी में पुराने समय के स्टीम इंजन, पुराने डिब्बे और उस दौर के रेलवे टिकटों के जरिए लोगों को पुरानी यादें ताजा कराई जा रही हैं। इसके साथ ही, झांकी के माध्यम से समाज में कई सकारात्मक संदेश भी दिए जा रहे हैं।

दर्शकों को मिल रहे हैं ‘फ्री टिकट’

इस अनोखी झांकी को देखने आने वाले श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां आने वाले लोगों को पुराने समय की तर्ज पर निशुल्क रेलवे टिकट दिए जा रहे हैं, जिन्हें दिखाकर वे झांकी का अवलोकन कर रहे हैं। नवरात्रि के इन दिनों में विदिशा की यह अनोखी ‘ट्रेन झांकी’ देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m