मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए 500 से अधिक कलाकार उत्सव में राधा-कृष्ण लीलाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मंचन करेंगे.

मथुरा. भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है. गुरुवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर से पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग की ओर से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कलाकार शामिल हुए.

प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया. जन्माष्टमी महोत्सव के बीच शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है.

ढोल-नगाड़ों के बीच यात्रा

शोभायात्रा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर के गेट नंबर 1 से शुरू हुई. यात्रा पुतरा कुंड, गोविंद नगर गेट, मसानी चौराहा और डींग गेट के रास्ते आगे बढ़ते हुए अपने निर्धारित स्थान पर संपन्न हुई.

बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, झांझ और मंजीरों की धुन पर श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल हुए. शोभायात्रा में विभिन्न कलाकारों ने विशेष वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं.

500 से अधिक कलाकार पहुंचे

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और पर्यटन विभाग की ओर से विभिन्न प्रदेशों के 500 से अधिक कलाकारों को आमंत्रित किया गया है. ये कलाकार राधा-कृष्ण की लीलाओं, नाटकों और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मंचन करेंगे.

शहर के अलग-अलग पंडालों में भी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते नजर आएंगे. जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देश और दुनिया से श्रद्धालुओं का मथुरा पहुंचना शुरू हो गया है.

मंदिरों में उमड़ा उत्साह

सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर के गेट नंबर 1 पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं. दूर-दराज से पहुंचे भक्त ढोल-नगाड़ों की धुन पर उत्साह के साथ मंदिरों में दर्शन कर रहे हैं.

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर मथुरा में चारों ओर भक्ति और उल्लास का वातावरण बना हुआ है. श्रद्धालु अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण कन्हैया के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए लगातार मथुरा पहुंच रहे हैं.