मथुरा में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता जीवन लाल ने कार चालक पर विवाद के बाद उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटने का आरोप लगाया है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है.

मथुरा. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बीजेपी का झंडा लगी एक कार एक व्यक्ति को अपनी चपेट में लेकर घसीटती दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि कार की चपेट में आने वाले व्यक्ति ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में तैनात अवर अभियंता जीवन लाल हैं.

आरोप है कि कार चालक से विवाद के बाद जीवन लाल को वाहन की चपेट में लेकर करीब 50 मीटर तक घसीटा गया. पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

31 अगस्त की बताई जा रही घटना

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 31 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे का बताया जा रहा है. गौतम बुद्ध नगर निवासी जीवन लाल मथुरा के ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं.

घटना के दिन मसानी चौराहे के पास कार ने JE को टक्कर मार दी थी. इसके बाद इस बात को लेकर जीवन लाल और कार चालक के बीच कहासुनी होने लगी.

आरोप है कि इसी दौरान चालक ने उन्हें कार की चपेट में ले लिया और करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

SSP को दी शिकायत

घटना के बाद जीवन लाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने शिकायत में यह भी बताया कि वह गोविंद नगर थाने गए थे, जहां पुलिस ने इसे आपसी झगड़ा बताते हुए मामला खत्म कर दिया था.

इस मामले में एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि अवर अभियंता के साथ हुई मारपीट के संबंध में वरिष्ठ अधिकारी को एक प्रार्थना पत्र दिया गया था. मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.