मथुरा के सतोहा गांव में रविवार सुबह शांतनु बिहारी जी कुंड में 16 वर्षीय किशोरी का शव मिला, जिसकी पहचान गांव निवासी मदनलाल की बेटी दिव्या के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक किशोरी कई दिनों से लापता थी और रिश्तेदारों व परिचितों के यहां उसकी तलाश की जा रही थी.
मथुरा. हाईवे क्षेत्र की सतोहा चौकी के अंतर्गत गोवर्धन रोड स्थित सतोहा गांव में रविवार सुबह शांतनु बिहारी जी कुंड में 16 वर्षीय किशोरी का शव मिला. पूजा-अर्चना के लिए कुंड पहुंचे ग्रामीणों ने पानी में शव देखा और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लिया.
किशोरी की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान सतोहा निवासी मदनलाल की 16 वर्षीय बेटी दिव्या के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि किशोरी कई दिनों से लापता थी और उसकी तलाश रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां की जा रही थी.
परिजनों को किशोरी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर शनिवार को पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. इसके बाद रविवार सुबह घर के सामने स्थित शांतनु बिहारी जी कुंड में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया.
कुंड के पास जुटी भीड़
किशोरी का शव मिलने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुंड के आसपास पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
हाईवे थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि किशोरी 24 सितंबर की रात कुंड में गिर गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.


