मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में दूसरे धर्म के युवक से शादी करने पर एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि भाई ने बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया. युवती के पति की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मां और मौसी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने शव को कब्रिस्तान से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें- ओपी राजभर की अखिलेश यादव को चुनौती, बोले- 2027 में मुस्लिम को CM चेहरा बनाकर दिखाएं
दिल्ली में हुई थी पति से मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती की रहने वाली नाजिया उर्फ जन्नत दिल्ली की एक स्पोर्ट्स कपड़े बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी. वहीं उसकी मुलाकात राजस्थान के झुंझुनू जिले के पचेरीकलां गांव निवासी रविंद्र से हुई. दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया. करीब दो साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया.
चार महीने पहले घर छोड़कर की थी शादी
बताया गया कि रविंद्र के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था, लेकिन नाजिया के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे. इसके बाद नाजिया ने करीब चार महीने पहले घर छोड़कर रविंद्र से शादी कर ली. आरोप है कि 25 सितंबर को उसकी मां और मौसी उसे समझाकर मथुरा ले आईं. कुछ दिन बाद जब नाजिया ने वापस जाने की बात कही तो परिजनों ने विरोध किया.
15 दिन तक संपर्क नहीं होने पर पति को हुआ शक
नाजिया के करीब 15 दिन तक वापस नहीं लौटने और फोन बंद मिलने पर रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई. उसने पत्नी के अपहरण की शिकायत राजस्थान के झुंझुनू थाने में की. राजस्थान पुलिस ने 23 अक्टूबर को मथुरा पुलिस को ईमेल भेजकर जांच का अनुरोध किया. गोविंद नगर पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की. शुरुआत में उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.
इसे भी पढ़ें- CM योगी का आज बिठूर दौरा, वाल्मीकि आश्रम में दर्शन और विकास परियोजनाओं का बड़ा ऐलान संभव
करंट लगने से मौत की कहानी बताई
पुलिस के अनुसार, नाजिया के भाई अकरम ने पहले बहन की मौत करंट लगने से होने की बात कही. पूछताछ में उसने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या करने और शव कब्रिस्तान में दफनाने की बात स्वीकार की. रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया है. मां और मौसी से पूछताछ जारी है. एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, मामले की जांच चल रही है और पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

