कानपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार 26 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर कानपुर के बिठूर पहुंचेंगे. यहां वह ऐतिहासिक महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन करेंगे. इसके बाद नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा होने की संभावना है. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. रविवार शाम अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें- शामलीः ओवैसी का अखिलेश पर बड़ा हमला, बोले- दाढ़ी-टोपी वाला मुसलमान आपको रावण नजर आता है!
महर्षि वाल्मीकि आश्रम में करेंगे दर्शन
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिठूर पहुंचकर सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन करेंगे. इसके बाद वह नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे. मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक क्षेत्र में रह सकते हैं. कार्यक्रम स्थल पर सुबह 10 बजे से तैयारियां और गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. जनसभा के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी प्रस्तावित है.
बिठूर और बिल्हौर को मिल सकती हैं 400 करोड़ की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री की जनसभा में बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा होने की संभावना है. इन परियोजनाओं में शिलान्यास और लोकार्पण से जुड़े कार्य शामिल हो सकते हैं. इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD), कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA), नगर पंचायत और नगर पालिका समेत कई विभागों से जानकारी मांगी गई है.
दस योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करने की तैयारी
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जा सकता है. इनमें वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड योजना, टूल किट वितरण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शामिल हैं. कुल करीब दस योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम में शामिल करने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में टेसू-झेंझी विसर्जन के दौरान कार का कहर, 5 की मौत, 10 घायल
उपचुनाव के बाद दौरे को लेकर सियासी चर्चा
मुख्यमंत्री के दौरे को विकास कार्यों के साथ राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है. इसी महीने बिठूर क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री का दौरा चर्चा में है. जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और अन्य अधिकारियों ने रविवार शाम जनसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

