कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अंबेडकर नगर से अतरौलिया तक रोडवेज बस में सफर कर महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा की हकीकत जानी. उन्होंने महिला यात्रियों से टिकट के लिए पैसे मांगे जाने और उनकी यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी ली.

सतीश सिंह, लखनऊ. प्रदेश सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा और रक्षाबंधन के मौके पर बहनों के लिए फ्री बस यात्रा की हकीकत जानने के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बस में यात्रा की. यात्रा के दौरान उन्होंने बस में सवार महिलाओं से टिकट के बारे में जानकारी ली. इस मौके पर उन्होंने यात्रियों से सरकार के समर्थन की भी अपील की.

प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा संचालित रोडवेज बस से अंबेडकर नगर से अतरौलिया तक की यात्रा की. यात्रा के दौरान उन्होंने बस में सवार महिला यात्रियों से टिकट के बारे में जानकारी ली.

उन्होंने महिला यात्रियों से पूछा कि किसी ने उनसे टिकट का पैसा तो नहीं मांगा. राजभर के सवाल पर यात्रा कर रही महिलाओं ने बताया कि उनसे टिकट के एवज में पैसे नहीं लिए गए. इस दौरान राजभर ने महिलाओं से यात्रा का उद्देश्य भी पूछा, जिस पर सभी ने एक स्वर में रक्षाबंधन में जाने की बात कही.

राजभर ने खुद लिए टिकट

बस में सवार होने के बाद कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने साथ चल रहे लोगों के एवज में बस कंडक्टर से पांच टिकट लिए. इन टिकटों का भुगतान उन्होंने खुद किया.

आज से योजना शुरू

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आज से अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है.

इस सुविधा के तहत रोडवेज की किसी भी साधारण बस में महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकती हैं. यात्रा के दौरान महिलाओं के लिए अपना वोटर आईडी या आधार कार्ड साथ रखना जरूरी है.