संजय पाटीदार, भोपाल। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित विवादित बयान के बाद मौलाना जर्जिस अंसारी एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाला एक वीडियो सामने आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो को लेकर हिंदू संगठनों और संत समाज में नाराजगी है। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भोपाल में इसका विरोध करते हुए मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मौलाना जर्जिस अंसारी इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित बयान को लेकर भी विवादों में थे। वायरल वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर श्रीमद्भगवद्गीता के एक श्लोक की व्याख्या करते हुए श्रीकृष्ण को मुस्लिम और पांच वक्त नमाज पढ़ने वाला बताया था। इस मामले में पानीपत की अदालत ने उन्हें नोटिस जारी कर 12 अगस्त 2026 को पेश होने के निर्देश दिए हैं।

हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के बारे में बार-बार की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मौलाना के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मौलाना भोपाल आए तो उनका संगठन विरोध प्रदर्शन करेगा।इस पर भोपाल में श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने कड़ा विरोध जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि मौलाना भोपाल आए तो उनका मुंह काला कर, गधे पर बैठाकर और जूतों की माला पहनाकर शहर में घुमाया जाएगा।

भगवान शिव और ब्रह्मा से जुड़े कथित वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी विरोध तेज हो गया है। लखनऊ में भी इस मामले को लेकर प्रदर्शन और पुतला दहन की खबरें सामने आई हैं। हिंदू संगठनों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में सख्ती बरतने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m