लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती आज लखनऊ में पार्टी की अहम बैठक को संबोधित करेंगी. यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखकर बुलाई गई है. इसमें पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी. माना जा रहा है कि मायावती इस बैठक में कोई बड़ा ऐलान भी कर सकती हैं.

इसे भी पढ़ें- हाथरस में मकान में भीषण आग, जिंदा जलकर बुजुर्ग दंपती की मौत; शादी में गया था परिवार

75 जिलों के अध्यक्षों समेत बड़े पदाधिकारी होंगे शामिल

बसपा उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बैठक में राज्य इकाई के सभी स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे. इसमें छोटे-बड़े सभी पदाधिकारियों के साथ प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों को बुलाया गया है. बैठक सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित बसपा यूपी स्टेट कार्यालय में होगी. इसका पता 12 माल एवेन्यू है.

विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर होगा मंथन

बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव है. मायावती पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगी. संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा. इसके साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है. पदाधिकारियों से अब तक किए गए काम का ब्योरा लिया जाएगा.

उम्मीदवारों के चयन पर भी चर्चा

बैठक में अच्छे और जिताऊ उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी चर्चा होगी. पार्टी पहले ही पदाधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दे चुकी है. अब उनकी प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी. इसके अलावा सर्वसमाज में बसपा का जनाधार बढ़ाने की रणनीति पर भी बात होगी. पार्टी नेतृत्व यह जानने की कोशिश करेगा कि दिए गए निर्देशों पर कितना काम हुआ है.

इसे भी पढ़ें- UP में मौसम का बदला मिजाज, 10 शहरों में कोहरा; नोएडा का AQI 405 पहुंचा

मायावती दे सकती हैं नए दिशा-निर्देश

मायावती बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा करने के साथ आगे की रणनीति भी तय करेंगी. वह पदाधिकारियों को चुनाव तक की जिम्मेदारियां सौंप सकती हैं. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए जा सकते हैं. बैठक में किसी बड़े फैसले या चुनावी ऐलान की संभावना को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा है. हालांकि, बसपा की ओर से किसी खास घोषणा की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.