लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है. कई जिलों में कोहरे ने भी दस्तक दे दी है. गुरुवार (5 नवंबर) सुबह लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और मेरठ समेत 10 शहरों में कोहरा छाया रहा. कुछ जगहों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई. ग्रामीण इलाकों में 10 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिवाली वाले हफ्ते में ठंड और बढ़ सकती है.
इसे भी पढ़ें- हवस, हैवानियत और हवालातः 11 साल की किशोरी के साथ रेप, दिल दहला देगी दरिंदगी की वारदात
दिवाली वाले हफ्ते में और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में उठे नए तूफान का यूपी पर सीधा असर नहीं पड़ रहा है. हालांकि, प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छा सकते हैं. दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं. सुबह कोहरा छाने के साथ ठंडक बढ़ सकती है.
देवरिया और वाराणसी में भी घना कोहरा
गुरुवार सुबह कई शहरों में कोहरे का असर दिखा. देवरिया के ग्रामीण इलाकों में दृश्यता 10 से 20 मीटर तक रह गई. वाराणसी में भी सुबह घाटों पर घना कोहरा छाया रहा. लखनऊ और संभल में भी लोगों को ठंड महसूस हुई. सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
नोएडा का AQI 405, NCR में GRAP-2 लागू
पश्चिमी यूपी के एनसीआर जिलों में प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है. नोएडा का AQI 405 दर्ज किया गया. गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत की हवा भी रेड जोन में पहुंच गई है. प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पूरे एनसीआर में GRAP-2 लागू किया गया है. सड़कों पर पानी का छिड़काव और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे कदम उठाए गए हैं. कोयला और लकड़ी से तंदूर जलाने पर भी पाबंदी है.
इसे भी पढ़ें- मौत की पुलियाः बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलटी क्रेन, दबकर चालक और खलासी की थमी सांसें
झांसी सबसे गर्म, मुजफ्फरनगर में सबसे ठंडी रात
4 नवंबर को झांसी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया. वाराणसी और बहराइच में 32.2 डिग्री रहा. वहीं, मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री तक पहुंच गया. इससे वहां सबसे ज्यादा ठंड महसूस की गई. मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं.

