बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पारिवारिक प्राथमिकताओं को बदलते हुए ईशान आनंद को संगठन में जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही उन्होंने आकाश आनंद और दीपिका आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से दूर रखने की घोषणा की है.

लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और अपने परिवार की भूमिका को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने अपने भाई आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद को बसपा संगठन में सम्मानजनक जिम्मेदारी देने का फैसला किया है. वहीं, बड़े भतीजे आकाश आनंद और भतीजी दीपिका आनंद को पार्टी की किसी भी जिम्मेदारी से पूरी तरह अलग रखने का निर्णय लिया है.

पारिवारिक मोह से ऊपर उठने की नसीहत
बसपा सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में सफलता और सामाजिक सेवा के लिए रिश्तेदारों के मोह से परे रहना आवश्यक है. उन्होंने पार्टी के संस्थापक कांशीराम का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपने करीबियों को राजनीतिक लाभ नहीं दिया और केवल निष्स्वार्थ भाव से कार्य करने की अनुमति दी. मायावती ने स्पष्ट किया कि आनंद कुमार के परिवार से किसे आगे बढ़ाया जाए, इसे लेकर बनी दुविधा पर अब उन्होंने पूर्णविराम लगा दिया है.

आकाश और दीपिका को लेकर फैसला
मायावती ने कहा कि विवाह के बाद आकाश आनंद के व्यवहार में आए बदलाव को देखते हुए उन्हें पुनः पार्टी में शामिल न करने का अंतिम फैसला लिया गया है. दीपिका आनंद के संदर्भ में उन्होंने कहा कि विवाह के पश्चात भविष्य की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें भी संगठन की जिम्मेदारियों से दूर रखना ही पार्टी के हित में होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि ईशान आनंद को इस शर्त के साथ आगे किया जा रहा है कि वे आकाश के नक्शेकदम पर नहीं चलेंगे.

23 सितंबर को देशव्यापी बैठक
पार्टी प्रमुख ने चेतावनी दी कि यदि ईशान आनंद भी भविष्य में किसी पार्टी विरोधी गतिविधि में लिप्त पाए जाते हैं तो उन्हें बाहर कर दिया जाएगा. ऐसी स्थिति बनने पर आनंद कुमार के परिवार के किसी भी सदस्य को अवसर देने के बजाय दलित वर्ग के किसी निष्ठावान और मिशनरी कार्यकर्ता को आगे लाया जाएगा. मायावती ने आगामी 23 सितंबर को बहुजन समाज पार्टी की ऑल इंडिया बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीतियों पर विचार किया जाएगा.