विनोद सैनी ,हिसार। स्वच्छ और सुंदर शहर के संकल्प को साकार करने के लिए हिसार में दो दिवसीय महास्वच्छता अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान का शुभारंभ शहर के मेयर प्रवीण पोपली ने वार्ड-1 से स्वयं श्रमदान कर किया। हाथ में झाड़ू लेकर सफाई अभियान में शामिल हुए मेयर ने नागरिकों को स्वच्छता का संदेश देते हुए जनसहभागिता का आह्वान किया।

अभियान के पहले दिन सुबह-सुबह मेयर प्रवीण पोपली सेक्टर-14 स्थित पंजाबी भवन के पीछे पहुंचे और सड़क पर झाड़ू लगाकर सफाई अभियान का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही संभव है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित कर नगर निगम के वाहनों में ही डालें। मेयर ने कहा कि “नई सोच-नए हिसार” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। नागरिकों के सहयोग से हिसार को प्रदेश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है।

महास्वच्छता अभियान के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, सीएमजीजीए अमोल मधुकर, नगर निगम अधिकारी, सफाई कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अभियान के तहत बस स्टैंड के पीछे स्थित विश्वकर्मा धर्मशाला, ऋषि नगर क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

मेयर ने कहा कि स्वच्छता की यह मुहिम केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन बननी चाहिए, तभी स्वच्छ और विकसित हिसार का सपना साकार हो सकेगा।