तेलंगाना के हैदराबाद में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने कारों के टायर और रिम चोरी करने के आरोप में एक MBA छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 15 पहिए बरामद किए हैं। इनमें महिंद्रा थार के 12 पहिए शामिल हैं। आरोपी इसी गाड़ी के टायर खास तौर पर चुराता था। पुलिस की यह कार्रवाई 20 अक्टूबर को मिली एक शिकायत के बाद की गई। शिकायत में बताया गया था कि रेथीबोवली के गैलेक्सी एन्क्लेव अपार्टमेंट के बाहर खड़ी महिंद्रा थार का पिछला टायर चोरी हो गया था।
पुलिस ने केस दर्ज कर CCTV फुटेज की जांच की। इसमें एक युवक स्कूटर से आता दिखाई दिया। उसकी पहचान शोबान अली खान के रूप में हुई। फुटेज में वह थार के पीछे लगे स्टेपनी टायर को निकालता हुआ नजर आया। सबूत देखने के बाद पुलिस ने शनिवार को शोबान को गिरफ्तार कर लिया।
टायर चुराने से पहले शोबान सड़क पर रखता था नजर
शोबान पहले अपने स्कूटर पर बैठकर मोबाइल चलाता है। फिर उतरकर काली थार के पास जाता है और टायर खोलने लगता है। तभी सामने से एक स्कूटर आता है। उसे देखकर वह वापस अपने स्कूटर के पास चला जाता है।
स्कूटर के जाने के बाद वह फिर थार के पास जाता है, लेकिन किसी को अपनी तरफ आता देखकर वापस लौट जाता है। करीब एक मिनट तक वह सड़क पर लोगों के आने-जाने का इंतजार करता है। इसके बाद वह फिर थार के पास जाता है। कुछ ही सेकेंड में टायर खोलकर अपने स्कूटर पर रखता है और वहां से भाग जाता है।
पंचर की दुकान पर लेने जाता था औजार
आरोपी औजार लेने के लिए पंचर की दुकान पर जाता था। वह दुकानदार से पंचर बनाने के औजार मांगता और ₹200 से ₹300 सिक्योरिटी के तौर पर जमा करता था। गाड़ी से स्टेपनी और रिम निकालने के बाद वह औजार वापस कर देता था और अपने पैसे ले लेता था। पुलिस के मुताबिक, वह स्पैनर से आसानी से स्टेपनी निकाल लेता था। उसके पिता व्हील अलाइनमेंट की दुकान पर काम करते हैं। इसी वजह से उसे गाड़ियों के पहियों की जानकारी थी।
पूछताछ में शोबान ने 10 पुलिस थानों में दर्ज चोरी के 11 मामलों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से फोर्ड एंडेवर के दो और फोर्ड इकोस्पोर्ट का एक पहिया भी बरामद किया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। उससे पता लगाया जाएगा कि उसने चोरी कब शुरू की और क्या वह दूसरे मामलों में भी शामिल है। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि चोरी किए गए पहिए कहां बेचे गए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

