रांची। झारखंड में मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। दुमका स्थित निजी क्षेत्र के सिदो-कान्हू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MBBS की 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने नामांकन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।विभाग ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर काउंसलिंग और नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है।

JCECEB को भेजा गया पत्र

स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने 28 सितंबर 2026 को झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) के परीक्षा नियंत्रक को इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें निर्धारित नियमों और प्रावधानों के तहत तय समय सीमा में प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया है।

पत्र की प्रतिलिपि आवश्यक तैयारियों के लिए निदेशक, चिकित्सा शिक्षा, रांची और सिदो-कान्हू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, दुमका को भी भेजी गई है।

50 सीटों का ऐसे होगा बंटवारा

स्वीकृत 50 अतिरिक्त MBBS सीटों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें:

25% यानी 12 सीटें झारखंड के स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए
60% सीटें ऑल इंडिया क्वालिफाइड अभ्यर्थियों के लिए
15% सीटें NRI कोटे के लिए निर्धारित हैं।
राज्य कोटे की 12 सीटों पर आरक्षण

झारखंड राज्य कोटे की 12 सीटों के लिए आरक्षण रोस्टर भी तय किया गया है। इसके तहत:

अनारक्षित वर्ग – 5 सीट
अनुसूचित जनजाति (ST) – 3 सीट
अनुसूचित जाति (SC) – 1 सीट
BC-I – 1 सीट
BC-II – 1 सीट
EWS – 1 सीट


दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आरक्षण

स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके तहत अंधापन एवं कम दृष्टि श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए एक सीट विशेष रूप से चिन्हित की गई है।

नामांकन प्रक्रिया जल्द होगी पूरी

NMC की अनुमति के बाद अब राज्य स्तर पर नामांकन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी है। JCECEB को आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है, जिससे 2026-27 सत्र में इन अतिरिक्त MBBS सीटों पर दाखिला हो सके।