राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने का फैसला किया है। MCD कमिश्नर संजीव खिरवार ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को प्रतिदिन कम से कम 4 घंटे फील्ड विजिट करना अनिवार्य कर दिया है। इस दौरान अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सरकारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराना होगा। 30 अक्टूबर को जारी निर्देश के मुताबिक, सभी डिप्टी कमिश्नरों को रोजाना फील्ड में जाकर प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना होगा।
अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का जमीनी स्तर पर पालन हो रहा है या नहीं। इसके अलावा सभी डिप्टी कमिश्नरों को अपनी फील्ड विजिट की रिपोर्ट उसी दिन शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी। इससे प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जा सकेगी और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जा सकेगी।
सड़क की धूल, कचरा और अतिक्रमण पर भी रहेगी नजर
MCD कमिश्नर संजीव खिरवार ने अपने आदेश में डिप्टी कमिश्नरों को फील्ड विजिट के दौरान प्रदूषण के प्रमुख कारणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सड़कों पर धूल कम करने, कचरा प्रबंधन में सुधार और अवैध या स्पष्ट रूप से प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक गतिविधियों की पहचान को प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों को प्रदूषण के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने और वहां जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाने पर जोर
कमिश्नर ने अधिकारियों को सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उनके मुताबिक, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण भीड़ बढ़ती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती है। आदेश के तहत प्रत्येक जोन में सप्ताह में कम से कम एक बार रात के समय लगने वाले बाजारों का निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। इस दौरान सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत होगी कार्रवाई
MCD कमिश्नर के आदेश के मुताबिक, जोनल डिप्टी कमिश्नर अपनी फील्ड विजिट के दौरान प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों के पालन की सख्ती से निगरानी करेंगे। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत संबंधित लोगों और संस्थानों को नोटिस जारी करने, चालान काटने और लागू कानूनों के तहत अन्य जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। दैनिक निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि केवल कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान भी हो और उठाए गए कदमों पर अमल किया जाए।
शाम 5 बजे तक देनी होगी रोजाना की रिपोर्ट
आदेश के अनुसार, सभी डिप्टी कमिश्नरों को अपनी फील्ड विजिट की रिपोर्ट हर दिन शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी। वहीं, MCD के एडिशनल कमिश्नर (DEMS) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वह सभी जोन से मिलने वाली दैनिक रिपोर्ट को एकत्रित कर उनकी संयुक्त रिपोर्ट तैयार करेंगे और आगे भेजेंगे। प्रदूषण नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए MCD करीब 2,000 अतिरिक्त फील्ड कर्मचारियों को अस्थायी तौर पर तैनात करने की भी तैयारी कर रहा है। नगर निगम के एक अधिकारी के मुताबिक, इन कर्मचारियों की मदद से कचरा हटाने और साफ-सफाई के कामों में तेजी लाई जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

