कुमार इंदर, जबलपुर। कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन राज्यसभा चुनाव के दौरान अपना नामांकन पत्र (पर्चा) खारिज होने के मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए जबलपुर पहुंची हैं। जबलपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। मीनाक्षी नटराजन नियमानुसार इस मामले को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय (High Court) में चुनौती देने और चुनाव याचिका (Election Petition) दाखिल करने आई हैं।
साजिश के तहत खारिज किया गया पर्चा
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने आरोप लगाया कि उनका राज्यसभा नामांकन एक सोची-समझी साजिश के तहत खारिज किया गया था। उन्होंने कहा- “कॉम्प्रोमाइज्ड (समझौतावादी) चुनाव आयोग के कॉम्प्रोमाइज्ड अधिकारियों ने यह साजिश रची थी। हम लोकतंत्र में नियमों के तहत विश्वास रखते हैं, इसलिए इस अन्याय के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल करने पहुंची हूँ।”
UCC बिल को लेकर सदन से सड़क तक संग्राम ! विधानसभा में कांग्रेस का पोस्टर प्रोटेस्ट, दोपहर में मुस्लिम समाज का धरना
राम मंदिर में चोरी पर बीजेपी को घेरा
अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई चोरी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि राम मंदिर में चोरी की घटना इस देश की अंतरात्मा पर गहरा आघात है। यह घटना भारतीय जनता पार्टी की दयनीय नैतिक स्थिति और प्रशासनिक विफलता को उजागर करती है।
NEET आंदोलन और छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा
केंद्र सरकार और पुलिस कार्रवाई की तीखी आलोचना करते हुए कांग्रेस नेत्री ने NEET आंदोलन पर पुलिस के रुख को लोकतंत्र के इतिहास का “काला दिन” करार दिया। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ ऐसी बर्बरता पूरी तरह से अस्वीकार्य है। NEET परीक्षा में कथित धांधली और उसके बाद अभ्यर्थियों द्वारा की जा रही आत्महत्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सीधा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि युवाओं के आक्रोश से निकलने वाला ‘संसद मार्च’ देश की राजनीति में एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होगा।
देशद्रोही बताकर आवाज़ दबा रही सरकार
मीनाक्षी नटराजन ने किसान आंदोलन, CAA विरोध और भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार अपनी नीतियों का विरोध करने वाले हर नागरिक और आंदोलनकारी को ‘देशद्रोही’ साबित करने की कोशिश करती है। उन्होंने स्पष्ट किया- “युवाओं और देश की यह लड़ाई भारत के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। युवाओं का यह लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा और अब सरकार का वास्तविक चेहरा देश के सामने आ रहा है।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


