सोनीपत। एशियन गेम्स-2026 चयन ट्रायल में दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट को हराकर सुर्खियां बटोरने वाली युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत ने अब फाइनल मुकाबले के परिणाम को लेकर कुछ तकनीकी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। मीनाक्षी का कहना है कि मैच के निर्णायक क्षणों में दिए गए अंकों को लेकर उन्हें संदेह है, जिसकी समीक्षा के लिए मुकाबले का वीडियो अंतरराष्ट्रीय संस्था United World Wrestling को भेजा गया है।
मीनाक्षी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि समीक्षा के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि विवाद के बीच भी उनका फोकस अपने खेल और भविष्य की तैयारियों पर बना हुआ है।
चोटों से संघर्ष, फिर चैंपियनों को दी चुनौती
मीनाक्षी का सफर संघर्ष और जज्बे की मिसाल रहा है। उनके पिता प्रेम गोयत के अनुसार, एक समय ऐसा भी था जब गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उनके दोबारा मैट पर लौटने की संभावना बेहद कम बताई थी। लेकिन मीनाक्षी ने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर शानदार वापसी की।
उन्होंने पहले एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीता और अब ट्रायल में विनेश फोगाट जैसी अनुभवी पहलवान को हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
‘ओलंपिक गोल्ड ही मेरा सपना’
चयन ट्रायल को लेकर चल रही बहस के बीच मीनाक्षी का आत्मविश्वास बरकरार है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान अब आगामी विश्व चैंपियनशिप की तैयारी पर है। मीनाक्षी का कहना है कि देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना उनका सबसे बड़ा सपना है और इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह लगातार अपनी कमियों पर काम कर रही हैं।
युवा पहलवान ने स्पष्ट किया कि चुनौतियां चाहे कितनी भी बड़ी हों, उनका लक्ष्य नहीं बदलेगा और वह पूरी मेहनत के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।

