मेरठ. मेरठ कॉलेज में बुधवार दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई. पुलिसकर्मियों के सामने भी छात्र एक-दूसरे पर बेल्ट और लात-घूंसों से हमला करते रहे. हंगामा बढ़ने पर छात्राएं सहम गईं और कई छात्राएं कॉलेज परिसर से बाहर निकल गईं. अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया. पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें- अलीगढ़ में करणी सेना जिलाध्यक्ष पर भीड़ का हमला, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; अंबेडकर पार्क में लगवाए नारे
फ्रेशर छात्र की पिटाई से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, बीए प्रथम वर्ष का एक छात्र बुधवार को पहली बार मेरठ कॉलेज आया था. आरोप है कि छात्र नेता अभिनव मल्लापुर गुट के कुछ युवक उसके पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट की. इसके बाद दूसरे गुट से जुड़े छात्र भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
कैंपस में दौड़ा-दौड़ाकर छात्रों को पीटा
विवाद बढ़ने पर छात्रों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. कई छात्रों के बीच बेल्ट से भी मारपीट हुई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन छात्र तत्काल शांत नहीं हुए. कॉलेज परिसर में हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
लालकुर्ती पुलिस के बाद पहुंचे एसपी सिटी
सूचना पर लालकुर्ती थाना पुलिस कॉलेज पहुंची. स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई और कॉलेज के अधिकारियों से घटना की जानकारी लेने की कोशिश की. प्रिंसिपल डॉ. युद्धवीर सिंह और चीफ प्रॉक्टर के अवकाश पर होने की जानकारी मिली.
इसे भी पढ़ें- यूपी में सपा का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 6 जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त
छह लोग हिरासत में, बाहरी युवकों की भी जांच
पुलिस ने छात्र नेता अभिनव मल्लापुर और विजित तालियान समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मारपीट में कॉलेज के बाहर के युवक शामिल थे या नहीं. कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि बाहरी युवक अक्सर कॉलेज में प्रवेश कर हंगामा करते हैं. घटना के दौरान कॉलेज में एडमिशन के लिए बड़ी संख्या में नए छात्र-छात्राएं मौजूद थे.



